
देहरादून: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार शाम देहरादून पहुंचे। वह भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव और वंशिका के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उत्तराखंड आए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनके पहुंचते ही अनुयायियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चार्टर्ड विमान से शाम करीब सवा चार बजे खजुराहो से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह कुछ देर विश्राम गृह में रुके और फिर बाहर आए, जहां बड़ी संख्या में मौजूद उनके अनुयायियों ने उनके दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
अनुयायियों ने लिया आशीर्वाद, फोटो भी खिंचवाई
एयरपोर्ट पर मौजूद कई श्रद्धालुओं ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। वहीं कुछ प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि वह भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव और वंशिका के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि कुलदीप यादव उनके प्रिय हैं और देश के लिए खेलते हुए भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। साथ ही वह भगवान बालाजी के भक्त भी हैं, इसलिए उन्हें आशीर्वाद देने के लिए वह विवाह समारोह में शामिल होने आए हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच मसूरी के लिए रवाना
एयरपोर्ट पर कुछ समय बिताने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मसूरी के लिए रवाना हो गए, जहां विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है।
बताया गया कि उनके एयरपोर्ट पहुंचने से कुछ समय पहले भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा भी देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे थे और वहां से मसूरी के लिए रवाना हुए।






