
ऋषिकेश: रानीपोखरी क्षेत्र के लिस्ट्राबाद गांव में प्रस्तावित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। सोमवार को ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग के समर्थन में पदयात्रा निकालकर ऋषिकेश तहसील पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
पदयात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी की तथा सरकार और प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
20 दिनों से जारी है आंदोलन
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पंकज यादव ने बताया कि ग्रामीण पिछले करीब 20 दिनों से इस मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि अब तक शासन और प्रशासन ने आंदोलन को गंभीरता से नहीं लिया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में निराशा बढ़ रही है।
महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी
स्थानीय नेताओं नरेंद्र चौहान और पूर्व जिला पंचायत सदस्य मालती चौहान ने कहा कि आंदोलन में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि हर दिन बड़ी संख्या में महिलाएं धरना स्थल पर पहुंचकर इस मांग को मजबूती दे रही हैं।
पदयात्रा के जरिए प्रशासन तक पहुंचाई आवाज
ग्रामीणों का कहना है कि पदयात्रा का उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करना है। पदयात्रा के दौरान प्रधान सुधीर रतूड़ी, अनुप चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष गौरव सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, अश्विनी बहुगुणा, दौलतराम पेटवाल, महेंद्र भट्ट, विजय भट्ट और मनोज रावत सहित कई लोग मौजूद रहे।







