
CUET UG 2026: आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक, एनटीए ने जारी की एडवाइजरी, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) 2026 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। एनटीए ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे पंजीकरण जल्द से जल्द पूरा करें, क्योंकि आवेदन की अंतिम तिथि अब काफी नजदीक है। अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक या तकनीकी समस्याओं की आशंका को देखते हुए समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।
30 जनवरी है पंजीकरण की अंतिम तिथि
सीयूईटी यूजी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 जनवरी 2026 से चल रही है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026 (रात 11:50 बजे) निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क का भुगतान 31 जनवरी 2026 (रात 11:50 बजे) तक किया जा सकेगा। इसके बाद 2 से 4 फरवरी 2026 के बीच आवेदन फॉर्म में विवरण सुधारने का अवसर मिलेगा।
महत्वपूर्ण समय-सीमा
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 30 जनवरी 2026 (रात 11:50 बजे)
शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 31 जनवरी 2026 (रात 11:50 बजे)
सुधार विंडो: 2 से 4 फरवरी 2026
सिटी स्लिप: अप्रैल 2026
परीक्षा तिथियां: 11 मई से 31 मई 2026 (अस्थायी)
सीयूईटी यूजी देश के केंद्रीय, राज्य और भाग लेने वाले निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है। 2026-27 सत्र में दाखिले के इच्छुक छात्रों को बिना देरी किए आवेदन करने की सलाह दी गई है।
पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को आधार कार्ड (कक्षा 10वीं प्रमाण पत्र के अनुसार सही नाम व जन्मतिथि), नवीनतम फोटो, हस्ताक्षर, और आवश्यकतानुसार श्रेणी प्रमाण पत्र (EWS/SC/ST/OBC-NCL) अपलोड करने होंगे। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए मान्य यूआईडी/दिव्यांगता प्रमाण पत्र अनिवार्य है।
आवेदन शुल्क संरचना
तीन विषयों तक के लिए मानक शुल्क इस प्रकार है—
सामान्य (UR): ₹1000
OBC-NCL/EWS: ₹900
SC/ST/दिव्यांग/तीसरा लिंग: ₹800
भारत के बाहर के केंद्र: ₹4500
अतिरिक्त विषयों के लिए प्रति विषय अतिरिक्त शुल्क लागू होगा—
सामान्य: ₹400
OBC/EWS: ₹375
SC/ST: ₹350
CUET UG 2026 के लिए आवेदन कैसे करें
उम्मीदवार cuet.nta.nic.in पर जाकर पंजीकरण लिंक पर क्लिक करें, आवेदन नंबर व पासवर्ड बनाएं, लॉगिन करके व्यक्तिगत व शैक्षणिक विवरण भरें, पसंदीदा विश्वविद्यालय/कार्यक्रम व परीक्षा पत्र चुनें, निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें, शुल्क का भुगतान करें और पुष्टिकरण पृष्ठ डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।
एनटीए ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन कर लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।







