
देहरादून / हल्द्वानी: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के आज एक वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजधानी देहरादून में प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता दिवस समारोह आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। वहीं हल्द्वानी में भी जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम और पंजीकरण शिविर लगाए गए।
यूसीसी दिवस पर मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड के इतिहास में सदैव एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित रहेगा। एक वर्ष पूर्व इसी दिन समान नागरिक संहिता को देवभूमि की जनता को समर्पित किया गया था। उन्होंने कहा कि यह दिन न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश के संवैधानिक, सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में युगांतकारी क्षण के रूप में याद रखा जाएगा।
संविधान और संकल्प का उल्लेख
सीएम धामी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं ने संविधान में समान कानून की परिकल्पना की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में वर्ष 2022 के दृष्टिपत्र में यूसीसी लागू करने का संकल्प लिया गया था, जिसे राज्य सरकार ने पूरा किया है।
जनता से संवाद और कानून का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी लागू करने से पहले जनता से व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कानून का उद्देश्य समाज में समानता के माध्यम से समरसता स्थापित करना है और इसमें केवल कुप्रथाओं को समाप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य भावी पीढ़ी को एक सुरक्षित और न्यायसंगत उत्तराखंड देना है।
लीव-इन रिलेशनशिप और गोपनीयता
सीएम धामी ने बताया कि यूसीसी में लीव-इन रिलेशनशिप के लिए पंजीकरण को अनिवार्य किया गया है, लेकिन इससे जुड़ी सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी धर्म के आधार पर मातृशक्ति के साथ होने वाले शोषण को बर्दाश्त नहीं करेगी।
फोटो गैलरी का निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से यूसीसी की प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित फोटो गैलरी का भी निरीक्षण किया।
हल्द्वानी में भी आयोजन
यूसीसी को एक वर्ष पूरे होने पर हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में जिला प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए। नगर निगम के मेयर सहित शहर के प्रबुद्ध नागरिक और विभिन्न वर्गों के लोग इसमें शामिल हुए।
पंजीकरण शिविर और जागरूकता
हल्द्वानी में नगर निगम की ओर से यूसीसी सर्टिफिकेट पंजीकरण के लिए विशेष कैंप भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने पंजीकरण कराया। प्रशासन ने लोगों को यूसीसी से जुड़ी प्रक्रियाओं, अधिकारों और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी।







