
IRCTC Hospitality Monitor Recruitment 2026: 43 पदों पर सीधी भर्ती, इंटरव्यू से चयन, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम IRCTC ने वर्ष 2026 के लिए हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत योग्य उम्मीदवारों को संविदा आधार पर नियुक्त किया जाएगा और चयन सीधे साक्षात्कार के माध्यम से होगा। IRCTC ने कुल 43 रिक्तियों की घोषणा की है।
चयनित उम्मीदवारों की प्रारंभिक अनुबंध अवधि दो वर्ष की होगी, जिसे आवश्यकता और संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर एक वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
आवेदन के लिए योग्यता
इस भर्ती के लिए होटल मैनेजमेंट या हॉस्पिटैलिटी से पढ़ाई करने वाले उम्मीदवार पात्र हैं। सरकारी या मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएससी (होटल मैनेजमेंट/हॉस्पिटैलिटी) करने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, बीबीए/एमबीए (कुकिंग/हॉस्पिटैलिटी/टूरिज्म) या किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज/यूनिवर्सिटी से बीएससी/एमबीए (होटल मैनेजमेंट/टूरिज्म) रखने वाले उम्मीदवार भी योग्य माने जाएंगे।
होटल, कैटरिंग या टूरिज्म सेक्टर में कार्य अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और मेरिट सूची
उम्मीदवारों का चयन व्यक्तिगत इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के बाद मेरिट लिस्ट तैयार होगी और उसी क्रम में नियुक्ति प्रस्ताव जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही 100% आरक्षित पैनल भी बनाया जाएगा। अंतिम नियुक्ति चिकित्सकीय जांच में फिट पाए जाने पर ही दी जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले ₹25,000 की सुरक्षा जमा राशि डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी।
साक्षात्कार के लिए क्या लाएं
अभ्यर्थियों को अधिसूचना के साथ संलग्न आवेदन पत्र सही ढंग से भरकर साक्षात्कार स्थल पर प्रस्तुत करना होगा। साथ में सभी मूल दस्तावेज, आवश्यक दस्तावेजों की स्व-सत्यापित प्रतियां और दो हालिया पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होंगी।
वेतन और भत्ते
चयनित उम्मीदवारों को ₹30,000 प्रति माह (CTC) वेतन मिलेगा, जिसमें सभी वैधानिक कटौतियां शामिल होंगी। ड्यूटी के दिनों में ₹350 प्रतिदिन का भत्ता देय होगा। यदि कार्य के दौरान किसी अन्य शहर में रात रुकना पड़ता है, तो ₹240 प्रति रात का ठहराव भत्ता मिलेगा। राष्ट्रीय अवकाश पर काम करने पर अतिरिक्त भत्ता और मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जिसकी प्रतिपूर्ति नियमानुसार की जाएगी।
उम्मीदवारों के लिए सलाह
आवेदन से पहले अभ्यर्थी आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ें और साक्षात्कार तिथि, स्थान व आवश्यक दस्तावेजों की पुष्टि IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट से करें।







