
देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आज युवा कांग्रेस ने ‘मैं भी अंकिता’ अभियान का पोस्टर लॉन्च किया। इस मौके पर युवा कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि जब तक अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई की संतोषजनक रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने मामले की जांच प्रक्रिया, प्रशासनिक भूमिका और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
युवा कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि न्याय और महिला सुरक्षा से जुड़ा सामाजिक आंदोलन है, जिसे व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
अंकिता मामला राज्य की अंतरात्मा से जुड़ा: सुरभि द्विवेदी
युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड की जनता की अंतरात्मा को झकझोर देने वाला मामला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, सत्ता के संरक्षण और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में पीड़िता के माता-पिता की शिकायत के बजाय थर्ड पार्टी की शिकायत को आधार बनाकर सीबीआई जांच की संस्तुति की गई, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। उनका कहना था कि इससे यह संदेश जाता है कि पीड़ित परिवार को जानबूझकर हाशिये पर रखा गया।
सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप
सुरभि द्विवेदी ने कहा कि घटना के बाद जिस रिजॉर्ट में अंकिता नौकरी करती थी, वहां उसके कमरे को जल्दबाजी में ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नष्ट करने और जांच को प्रभावित करने की मंशा से उठाया गया प्रतीत होता है।
उनका कहना था कि यदि सरकार की मंशा साफ होती, तो सबसे पहले उस स्थान को सील कर फॉरेंसिक और न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाती।
महिला सुरक्षा को लेकर चिंता
युवा कांग्रेस ने सत्ता में बैठे कुछ लोगों के महिला विरोधी बयानों पर भी सवाल उठाए। सुरभि द्विवेदी ने कहा कि इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान यह दर्शाते हैं कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को लेकर सत्ता में बैठे लोगों की सोच कितनी संकीर्ण है।
सोशल मीडिया के माध्यम से चलेगा अभियान
‘मैं भी अंकिता’ अभियान की जानकारी देते हुए युवा कांग्रेस ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद करना है। युवा कांग्रेस नेताओं ने इसे एक व्यापक सामाजिक आंदोलन बताया।
युवा कांग्रेस का कहना है कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ सामने नहीं आ जाती।






