
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मणपुर की एक महिला के बैंक खाते से साइबर ठगों ने फिक्स डिपॉजिट तोड़कर दो लाख 21 हजार 470 रुपये निकाल लिए। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली विकासनगर में अज्ञात लोगों के खिलाफ साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया है।
लक्ष्मणपुर निवासी रीमा गर्ग ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनका बचत खाता कैनरा बैंक में है, जो उन्होंने हरियाणा में खुलवाया था। 18 अप्रैल 2025 को शाम 3:35 से 4:10 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से फिक्स डिपॉजिट तोड़कर दो ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली।
पहली ट्रांजेक्शन में ₹1,50,980 और दूसरी में ₹70,490 रुपये निकाले गए। दोनों ही ट्रांजेक्शन की जानकारी पीड़िता को मोबाइल पर मैसेज से मिली।
रीमा गर्ग ने बताया कि 18 अप्रैल को उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक वाला मैसेज आया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद ही खाते से रकम उड़ाई गई। उन्होंने इस घटना की शिकायत साइबर थाने में भी की है।
कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ठगों का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।




