
देहरादून: मार्च की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड में गर्मी ने तेजी से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम में हल्के बादल और पहाड़ों में कोहरे के बावजूद बारिश नहीं होने से तापमान लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि महीने के दूसरे सप्ताह में ही कई स्थानों पर तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है।
बृहस्पतिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब आठ डिग्री अधिक 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक 16.9 डिग्री रहा।
पहाड़ी इलाकों में भी बढ़ा तापमान
मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में भी तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक 25.1 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में वृद्धि देखी गई है।
13 मार्च को मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 13 मार्च को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर बने रह सकते हैं।
हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 17 मार्च के आसपास ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है।
बदरीनाथ की चोटियों पर हुई बर्फबारी
एक ओर जहां मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं बदरीनाथ धाम की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को बदरीनाथ की चोटियों पर अच्छी बर्फबारी हुई, जिससे आसपास का पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया।
दो दिन पहले भी धाम क्षेत्र में बर्फबारी दर्ज की गई थी। सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिला, हालांकि निचले इलाकों में बारिश नहीं हुई। बर्फबारी के कारण धाम का मौसम खुशनुमा हो गया है, लेकिन ठंड में भी काफी बढ़ोतरी महसूस की जा रही है।




