
गैरसैंण (Operation Swashthya): ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण से सटे अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया विकासखंड में चल रहे स्वास्थ्य आंदोलन की कड़ी में पदयात्रा पर निकला आंदोलनकारियों का जत्था भुवन कठैत के नेतृत्व में गैरसैंण पहुंचा। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आंदोलनकारियों का स्वागत किया और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
स्वास्थ्य आंदोलन को पर्वतीय क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता बताते हुए सभी सहयोगियों ने आंदोलन में सहयोग देने का भरोसा जताया। गैरसैंण पहुंचकर पद यात्रा कर रहे आंदोलनकारियों ने रामलीला मैदान में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व सैनिक भुवन कठैत ने कहा कि वह सरकार को जगाने के लिए 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा 10 दिनों में पूरी करेंगे। यदि सरकार तब भी नहीं मानती है, तो दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीते दो अक्टूबर से चौखुटिया में स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को लेकर भूख हड़ताल जारी है, लेकिन सरकार और उसके प्रतिनिधि केवल झूठे आश्वासन दे रहे हैं।
चौखुटिया अस्पताल के उच्चीकरण की मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा पर अमल न होने से गेवाड़ घाटी में अविश्वास का माहौल है। पिछले 22 दिनों से चल रहे आंदोलन में महिलाएं भी भूख हड़ताल पर बैठी हैं, लेकिन सरकार कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है।
भुवन कठैत ने कहा कि यह जनता का आंदोलन है, जो जनभागीदारी से सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है। चौखुटिया से चली यह पदयात्रा देहरादून में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव करेगी और पहाड़वासियों की समस्याओं को उजागर करेगी।
यूकेडी के प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि राज्य में भाजपा और कांग्रेस की सरकारें पहाड़वासियों को छलने का काम करती रही हैं और केवल दिल्ली की नीतियों के अनुसार काम करती हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि यदि गैरसैंण को स्थायी राजधानी नहीं बनाया जा सकता तो कम से कम बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाए।
पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि सरकार केवल वोट बैंक की चिंता कर रही है और अस्पतालों की दुर्दशा को लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं है। उन्होंने गैरसैंण में नगर पंचायत द्वारा लगाई गई 4 करोड़ रुपये से अधिक की स्ट्रीट लाइट पर भी सवाल उठाए और कहा कि एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड मशीन और अन्य उपकरणों के लिए सरकार के पास पैसे नहीं हैं।
कल चौखुटिया से देहरादून के लिए निकली पदयात्रा देर रात गैरसैंण पहुंची। आंदोलन में पूर्व सैनिक भुवन कठैत, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, यूकेडी के आशीष नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती किरोला, चंद्र कोहली, दान सिंह, महेंद्र और सुंदर सहित कई लोग शामिल थे।





