
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने में महिलाओं की भागीदारी अभी भी पुरुषों से काफी कम है। लोक सेवा आयोग की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024-25 में विभिन्न विभागों में निकली भर्तियों के लिए कुल आवेदनों में केवल 40 प्रतिशत आवेदन महिलाओं के थे, जबकि पुरुष उम्मीदवारों की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत रही।
यह जानकारी लोक सेवा आयोग की अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट में सामने आई है, जिसे विधानसभा पटल पर रखा गया।
कई विभागों में हुई भर्तियां
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, राज्य निर्वाचन विभाग, उत्तराखंड सचिवालय, राजकीय पॉलीटेक्निक, वन, राजस्व सहित कई विभागों में खाली पदों पर भर्ती की गई। इन पदों के लिए आए कुल आवेदनों में महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में कम रही।
श्रेणियों के आधार पर देखा जाए तो लगभग 60 प्रतिशत आवेदन सामान्य वर्ग से आए, जबकि 18 प्रतिशत आवेदन अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवारों के थे। वहीं चयन प्रक्रिया में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) श्रेणी में महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी अपेक्षाकृत अधिक दर्ज की गई।
22 वर्षों में हजारों पदों पर हुई भर्ती
लोक सेवा आयोग ने पिछले 22 वर्षों में विभिन्न विभागों के कुल 15,166 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की। इन पदों के लिए करीब 31.94 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें से 14,335 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया।
पदोन्नति मामलों का भी किया निपटारा
आयोग ने वर्ष 2024-25 के दौरान 31 विभागों में पदोन्नति से जुड़े मामलों का भी निपटारा किया। कुल 452 पदों के सापेक्ष 341 पदों पर पदोन्नति की सिफारिश की गई। जबकि 12 विभागों में 116 पदों से संबंधित डीपीसी के मामले अभी लंबित बताए गए हैं।
वर्ष 2024-25 में 2808 अभ्यर्थियों का चयन
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024-25 में विभिन्न विभागों के पदों पर कुल 2808 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इनमें देहरादून से 362, हरिद्वार से 422, नैनीताल से 271, टिहरी से 243, ऊधमसिंह नगर से 196 और उत्तरकाशी से 341 अभ्यर्थी शामिल हैं।
इसके अलावा अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पौड़ी, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों से भी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों का चयन हुआ, जबकि अन्य राज्यों से भी 122 अभ्यर्थी चयनित हुए।







