
देहरादून: प्रदेश में गैस आपूर्ति और बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही इस मुद्दे पर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गैस संकट को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर गैस और पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस ने सरकार पर समन्वय की कमी का आरोप लगाया
देहरादून स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार के विभागों में आपसी तालमेल का अभाव दिखाई दे रहा है। उनका कहना था कि अलग-अलग विभाग अलग-अलग बयान दे रहे हैं, जिससे स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले समय में गैस की किल्लत और बढ़ सकती है। ऐसे में केंद्र सरकार को पेट्रोलियम उत्पादों पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
गोदियाल ने यह भी कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कूटनीतिक प्रयास किए जाते तो इस स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था।
भाजपा ने विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर चल रहे संकट के कारण दुनिया के कई देशों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद केंद्र सरकार की रणनीतिक तैयारियों के कारण देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता पर किसी बड़े संकट की स्थिति नहीं है।
भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल इस वैश्विक स्थिति का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से गैस की कमी और महंगाई को लेकर भ्रम फैला रहे हैं।
डोईवाला में महिलाओं का प्रदर्शन
इधर डोईवाला में गैस की बढ़ती कीमतों और समय पर सिलिंडर उपलब्ध न होने से नाराज महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने खाली गैस सिलिंडर सिर पर रखकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंशुल त्यागी ने कहा कि गैस समय पर उपलब्ध न होने और बुकिंग में देरी के कारण आम लोग परेशान हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू रसोई का बजट भी प्रभावित हो रहा है।
वहीं डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने इस मामले में पूर्ति विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। उनका कहना है कि गैस एजेंसियों में गैस उपलब्ध है और प्रशासन इस मामले पर नजर बनाए हुए है।







