
UPESSC Exam Calendar 2026 जारी, उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली विभिन्न परीक्षाओं का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सहायक आचार्य, प्रवक्ता (PGT), प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और UP TET 2026 की परीक्षाएं तय तिथियों पर आयोजित की जाएंगी।
कब कौन सी परीक्षा होगी
जारी कैलेंडर के मुताबिक, सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या–51) की परीक्षा 18 और 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रवक्ता (PGT) भर्ती (विज्ञापन संख्या–02/2022) की परीक्षा 09 और 10 मई 2026 को होगी। वहीं सहायक अध्यापक (TGT) भर्ती (विज्ञापन संख्या–01/2022) की परीक्षा 03 और 04 जून 2026 को प्रस्तावित की गई है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि UP TET 2026 का आयोजन 02, 03 और 04 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
UPESSC Exam Calendar 2026: प्रस्तावित तिथियां
| क्रम संख्या | परीक्षा का नाम | प्रस्तावित परीक्षा तिथि |
|---|---|---|
| 1 | सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या–51) | 18 अप्रैल 2026 (शनिवार), 19 अप्रैल 2026 (रविवार) |
| 2 | प्रवक्ता (PGT) (विज्ञापन संख्या–02/2022) | 09 मई 2026 (शनिवार), 10 मई 2026 (रविवार) |
| 3 | सहायक अध्यापक (TGT) (विज्ञापन संख्या–01/2022) | 03 जून 2026 (बुधवार), 04 जून 2026 (गुरुवार) |
| 4 | UP TET 2026 | 02 जुलाई 2026 (गुरुवार), 03 जुलाई 2026 (शुक्रवार), 04 जुलाई 2026 (शनिवार) |
सहायक आचार्य भर्ती पर आयोग का स्पष्टीकरण
आयोग ने बताया है कि सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या–51) की परीक्षा पहले 16 और 17 अप्रैल 2025 को प्रस्तावित थी, जिसे बाद में स्थगित किया गया था। अब इसे 2026 में नए कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
महत्वपूर्ण सूचना के तहत आयोग ने यह भी कहा है कि कीटाणु विज्ञान विषय से संबंधित आवेदन और परीक्षा से जुड़ी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर अलग से उपलब्ध कराई जाएगी।
UP TET 2026 को लेकर क्या कहा आयोग ने
आयोग के अनुसार, UP TET 2026 का विस्तृत कार्यक्रम और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी सूचना जल्द अलग अधिसूचना के माध्यम से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र, पाली, प्रवेश पत्र और दिशा-निर्देशों से जुड़ी हर अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।







