
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। गजा-चाका मोटर मार्ग पर मातृछाया सदन के पास बिहार के रहने वाले एक ठेकेदार का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार के किशनगंज निवासी 40 वर्षीय तैयज आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, तैयज आलम पिछले तीन सालों से गजा में रहकर मकान निर्माण का ठेका कार्य कर रहा था। बुधवार शाम वह अचानक गायब हो गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसके साथी मजदूरों ने चिंता जताई और गजा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रातभर तलाश के दौरान उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी मिली, जबकि कुछ ही दूरी पर ऊपर एक पेड़ पर उसका शव लटका देखा गया। यह नजारा देखकर मजदूरों के होश उड़ गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मृतक के साथ काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि तैयज आलम मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। वह तीन साल पहले रोजी-रोटी की तलाश में टिहरी आया था और यहां ठेकेदारी का काम करता था। उसका परिवार बिहार के किशनगंज जिले के बागीचा गांव में रहता है। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया है।
गजा पुलिस चौकी प्रभारी मनीष नेगी ने बताया कि,
“मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल आवश्यक जांच की जा रही है।”







