
ऋषिकेश: ऋषिकेश में मानवता की मिसाल पेश करते हुए राफ्टिंग टीम और पर्यटकों ने गंगा में बह रहे एक बंदर की जान बचाई। इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब सराह रहे हैं।
गाइड की नजर पड़ी, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू
जानकारी के अनुसार, भागीरथी गंगा एडवेंचर कंपनी की टीम पर्यटकों को राफ्टिंग के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान गाइड युधिष्ठर की नजर गंगा में बहते एक बंदर पर पड़ी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और पर्यटकों की मदद से बंदर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ब्रह्मपुरी के पास नदी से निकाला बाहर
यह घटना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के पास की बताई जा रही है, जहां टीम ने बहते हुए बंदर को पकड़कर किनारे तक पहुंचाया। कंपनी से जुड़े अनुभव पयाल ने बताया कि सोमवार शाम यह घटना हुई, जब गाइड और पर्यटकों ने बंदर को बहते हुए देखा और तुरंत उसे बचाने की कोशिश की।
राफ्टिंग टीम की सूझबूझ की सराहना
गंगा नदी राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी ने इस रेस्क्यू की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने तत्परता दिखाकर एक निरीह जीव की जान बचाई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बंदर नदी में कैसे गिरा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग राफ्टिंग टीम और पर्यटकों के इस मानवीय प्रयास की जमकर तारीफ कर रहे हैं।







