
ऋषिकेश: गंगानगर स्थित गणेश विहार कॉलोनी में बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 40 वर्षीय विवाहित महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान स्वेता के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात स्वेता और उनके पति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे स्वेता ने अपने बच्चों को स्कूल भेजा और कुछ ही देर बाद कमरे के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना के समय घर में पति, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। स्वेता गृहिणी थीं और घर पर अचार बनाने का काम करती थीं, जबकि उनके पति कंस्ट्रक्शन कार्य से जुड़े हुए हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसर गया है। स्थानीय लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि मानसिक तनाव या पारिवारिक कलह जैसे मामलों में समय रहते संवाद बेहद जरूरी है।





