
ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा नदी में एक विदेशी महिला के डुबकी लगाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला बेहद कम कपड़ों में “ॐ नमः शिवाय” बोलते हुए गंगा स्नान करती नजर आ रही है। यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं और बहस शुरू हो गई हैं।
लक्ष्मण झूला क्षेत्र की बताई जा रही लोकेशन
वायरल वीडियो की लोकेशन लक्ष्मण झूला पुल के पास की बताई जा रही है। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पिछले 24 घंटों में तेजी से फैल गया है। बताया जा रहा है कि यह घटना तीन से चार दिन पुरानी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा में स्नान श्रद्धा और मर्यादा से जुड़ा धार्मिक कार्य है, ऐसे में इस तरह का व्यवहार स्थानीय धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकता है।
पुलिस जुटा रही जानकारी
मुनिकीरेती थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच और जानकारी जुटा रही है।
वहीं, थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने भी कहा कि वीडियो की प्रामाणिकता और समय की पुष्टि की जा रही है। यदि किसी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने या नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इंटरनेट पर कई यूजर्स ने इस वीडियो पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पवित्र गंगा तटों पर इस तरह के कृत्य अशोभनीय और असंवेदनशील हैं। वहीं, कुछ लोगों ने इसे “विदेशी श्रद्धालुओं की भक्ति का तरीका” बताकर बचाव भी किया।







