
ऋषिकेश: बदरीनाथ हाईवे पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तोताघाटी के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में देहरादून के तीनों युवक मौके पर ही मौत के शिकार हो गए।
देवप्रयाग थानाध्यक्ष एल.एस. बुटोला ने बताया कि डोईवाला, देहरादून निवासी बबली कौर सोमवार सुबह पुलिस चौकी बछेलीखाल पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मोहन सिंह (25) पुत्र तारा सिंह, वाहन स्वामी प्रवीण राठौर (25) पुत्र दिनेश कुमार और ताराचंद्र (24) पुत्र सुरेश चंद — तीनों 25 अक्तूबर की रात एशियन पेंट्स के गोदाम, कुआंवाला, देहरादून से पेंट और पुट्टी का सामान लेकर गोपेश्वर के लिए निकले थे।
बबली कौर ने बताया कि उनका बेटा 26 अक्तूबर की सुबह गोपेश्वर पहुंचना था, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। अंतिम लोकेशन लालतप्पड़ चौकी के अनुसार साकनीधार क्षेत्र में मिली थी। इसी आधार पर वह खुद पुलिस के साथ तलाश में निकलीं।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम जब तोताघाटी पहुंची, तो सड़क किनारे दो पैराफिट टूटे हुए मिले। नीचे खाई में देखने पर पेंट और पुट्टी का सामान बिखरा हुआ नजर आया। करीब 250 मीटर गहराई में एक पिकअप वाहन और उसके हिस्से दिखाई दिए।
सूचना पर एसडीआरएफ व्यासी टीम को मौके पर बुलाया गया। रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से तीनों युवकों के शव बरामद किए गए। शवों की पहचान मोहन सिंह, प्रवीण राठौर और ताराचंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि तोताघाटी क्षेत्र में सड़क बेहद संकरी और खतरनाक है, जहां इस तरह के हादसे अक्सर होते रहते हैं।







