
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हनीमून होटल के पास एक लोडिंग जीप अचानक अनियंत्रित होकर खड़ी गाड़ियों पर चढ़ गई। हादसे में तीन कारें और एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि उस समय कोई भी व्यक्ति वाहनों के भीतर मौजूद नहीं था, वरना घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
कैसे हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हनीमून होटल के आगे पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री (सीमेंट, बजरी आदि) पहुंचाने के लिए मंगलवार को एक लोडिंग जीप साइट पर जा रही थी। तभी अचानक जीप का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने कई बार कंट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन जीप होटल की पार्किंग में घुस गई और वहां खड़ी गाड़ियों से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दो अन्य कारों और एक स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा।
चश्मदीदों ने बताया – बड़ी दुर्घटना टली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,
“अगर जीप उन गाड़ियों से न टकराती तो वह सीधा नीचे मॉल रोड की ओर जा गिरती। नीचे उस समय काफी भीड़ थी, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी।”
हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच की और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
ड्राइवर ने बताया – “ब्रेक ने अचानक काम करना बंद कर दिया”
चालक ने बताया कि वह निर्माण साइट पर सामान छोड़ने जा रहा था, तभी अचानक ब्रेक फेल हो गए। उसने हैंडब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन जीप रुक नहीं पाई और सीधा पार्किंग में घुस गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला ब्रेक फेल का प्रतीत हो रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही इसकी पुष्टि होगी।
पर्यटक बोले – हमारी गाड़ियां पूरी तरह पिचक गईं
जिन गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, वे दिल्ली और हरियाणा से आए पर्यटकों की थीं।
एक पर्यटक ने बताया,
“हम मसूरी घूमने आए थे। होटल में आराम कर रहे थे, तभी होटल प्रबंधन ने बताया कि हमारी गाड़ी को टक्कर लग गई है। नीचे जाकर देखा तो पूरी कार पिचक चुकी थी।”
उन्होंने प्रशासन से दोषी पक्ष से मुआवज़ा दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने उठाए निर्माण कार्यों पर सवाल
स्थानीय नागरिकों ने हादसे के बाद हनीमून होटल के आगे चल रहे निर्माण कार्यों पर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि एमडीडी द्वारा कई ऐसे क्षेत्रों में नक्शे पास किए गए हैं, जो संवेदनशील और नोटिफाइड ज़ोन में आते हैं।
पूर्व बोर्ड के समय कई अवैध प्लॉट्स को वैध ठहराने के मामले सामने आए थे।
लोगों का कहना है कि यह हादसा चेतावनी है, जिसे प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।






