Hemkund Sahib Kapaat Band 2025

हेमकुंड साहिब के कपाट आज दोपहर दो बजे होंगे बंद, 139 दिन चली यात्रा का होगा समापन

चमोली: सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट आज शुक्रवार, 10 अक्तूबर को दोपहर दो बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब ट्रस्ट की ओर से सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी आज बंद होंगे।

हाल ही में हुई बर्फबारी से पूरा हेमकुंड क्षेत्र सफेद बर्फ की चादर में ढक चुका है। इस मौसम में कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घांघरिया पहुँच चुके हैं।

ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब का पाठ किया जाएगा, जिसके बाद कीर्तन और अरदास के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी। गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड में विराजमान करने के बाद दोपहर एक बजे शीतकाल के लिए कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

वहीं, लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर बंद किए जाएंगे। दोनों धार्मिक स्थल एक ही परिसर में स्थित हैं।

139 दिन चली हेमकुंड यात्रा

इस वर्ष हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई 2025 को खोले गए थे, जो अब 10 अक्तूबर 2025 को बंद हो रहे हैं। इस प्रकार 139 दिनों तक चली हेमकुंड यात्रा के दौरान अब तक 2 लाख 72 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

श्रद्धालुओं के लिए यह पल भावनात्मक है, क्योंकि अब यह पवित्र धाम शीतकाल के छह महीनों तक बर्फ से ढका रहेगा और अगले वर्ष गर्मी के मौसम में पुनः कपाट खुलेंगे।

Rishikesh News

RishikeshNews.com में हम उत्तराखण्ड और ऋषिकेश की ताज़ा खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सरल और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुँचाते हैं।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *