
ऋषिकेश। हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। छिद्दरवाला पुलिस चौकी के पास सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में सड़क पर बिखर गया।
रायवाला कोतवाली पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब छह बजे की है। महिला हाईवे पार कर रही थी, तभी देहरादून की ओर से आ रहे वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि एक नहीं बल्कि दो वाहनों ने महिला को कुचला।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव के हिस्सों को एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र खोलिया ने बताया कि मृतका की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में घूमती हुई दिखाई दे रही थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







