
नई दिल्ली: दिल्ली और शाहदरा के बीच यमुना नदी पर बन रहे नए रेल पुल (ब्रिज संख्या 249) के निर्माण कार्य के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। 17-18 मार्च और 28-29 मार्च 2026 को ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिए जाने के कारण कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
ऋषिकेश-उदयपुर ट्रेन का बदला रूट
उत्तर रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 09609 (उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस) को 17 मार्च को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन अब दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, नई दिल्ली, तिलक ब्रिज और साहिबाबाद होते हुए संचालित होगी। इस बदलाव के कारण ट्रेन का दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।
वापसी ट्रेन भी प्रभावित
इसी तरह गाड़ी संख्या 19610 (योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस) भी 17 मार्च को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय बदले हुए रूट से चलाई जाएगी। यह ट्रेन लोनी, दिल्ली शाहदरा ए-पैनल और बी-पैनल, तिलक ब्रिज, नई दिल्ली, दिल्ली सराय रोहिल्ला और दिल्ली कैंट होते हुए गुजरेगी।
इन स्टेशनों पर नहीं होगा ठहराव
मार्ग परिवर्तन के चलते इस ट्रेन का दिल्ली शाहदरा और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त कर दिया गया है।
रेलवे ने दी अग्रिम सूचना
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए यह सूचना पहले ही जारी कर दी गई है, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बना सकें।







