
CUET PG 2026 आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में, पोस्टग्रेजुएट कोर्स में दाखिले की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए समय बेहद अहम हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट–पोस्टग्रेजुएट (CUET PG) 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। एनटीए कल यानी 20 जनवरी 2026 को CUET PG 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया बंद कर देगा।
ऐसे में जो उम्मीदवार केंद्रीय विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों और अन्य भागीदार संस्थानों में मास्टर डिग्री प्रोग्राम्स में प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें बिना देरी किए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
CUET PG परीक्षा क्यों है महत्वपूर्ण
सीयूईटी पीजी एक सिंगल विंडो एंट्रेंस एग्जाम है, जिसके जरिए देशभर की कई प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियों में पोस्टग्रेजुएट कोर्स में दाखिला दिया जाता है। आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण एनटीए ने उम्मीदवारों को फॉर्म भरने और शुल्क भुगतान जल्द पूरा करने की सलाह दी है।
CUET PG 2026: जरूरी तिथियां जान लें
आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार CUET PG 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 दिसंबर 2025 से शुरू हुई थी। ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 20 जनवरी 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है।
इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन में सुधार का अवसर मिलेगा। करेक्शन विंडो 23 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक (रात 11:50 बजे तक) खुली रहेगी।
परीक्षा कब और कैसे होगी
CUET PG 2026 की परीक्षा मार्च 2026 में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी। परीक्षा का आयोजन देश के 292 शहरों के अलावा 16 अंतरराष्ट्रीय परीक्षा केंद्रों पर भी किया जाएगा।
इस प्रवेश परीक्षा में कुल 157 विषय शामिल होंगे। प्रत्येक उम्मीदवार अधिकतम तीन पेपर दे सकता है और हर पेपर की अवधि 90 मिनट होगी।
योग्यता को लेकर क्या शर्तें हैं
CUET PG 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा, जो छात्र वर्तमान में अपने अंडरग्रेजुएट कोर्स के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, काउंसलिंग के समय सभी पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन करते समय उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक विवरण और आवश्यक प्रमाण पत्र स्कैन करके अपलोड करने होंगे। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्र भी अपलोड करना अनिवार्य होगा।
CUET PG 2026 आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए दो पेपर का शुल्क 1400 रुपये रखा गया है, जबकि अतिरिक्त पेपर के लिए 700 रुपये देने होंगे। OBC-NCL और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए दो पेपर का शुल्क 1200 रुपये है। SC, ST और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 1100 रुपये निर्धारित किया गया है। PwBD उम्मीदवारों के लिए दो पेपर का शुल्क 1000 रुपये है। वहीं, भारत से बाहर के उम्मीदवारों के लिए दो पेपर का शुल्क 7000 रुपये रखा गया है।
CUET PG 2026 के लिए आवेदन कैसे करें
उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और नया पंजीकरण कर लॉगिन आईडी व पासवर्ड बनाएं। इसके बाद लॉगिन करके व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें। आवश्यक फोटो, हस्ताक्षर और दस्तावेज अपलोड करें। अंत में ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें।
अंतिम सलाह उम्मीदवारों के लिए
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों को ध्यान से जांच लें। अंतिम तिथि के बाद कोई भी नया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए समय रहते CUET PG 2026 का फॉर्म भरना बेहद जरूरी है।







