
टिहरी: चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में होटल संचालकों और राफ्टिंग व्यवसायियों के साथ यात्रा सीजन के दौरान संभावित ट्रैफिक जाम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जाम की समस्या से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
विभिन्न स्थानों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने ब्रह्मपुरी स्थित परिवहन विभाग की चेक पोस्ट, नीरगड्डू, तपोवन, खारास्रोत और ढालवाला क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मपुरी में राफ्टिंग प्वाइंटों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राफ्टिंग और पर्यटकों को ले जाने वाले वाहनों का पूरा विवरण तैयार किया जाए। साथ ही बुकिंग प्वाइंटों की जानकारी, किराए पर दिए जाने वाले दोपहिया वाहनों का रिकॉर्ड और पार्किंग स्थलों की सूची भी तैयार करने को कहा।
तपोवन क्षेत्र में सुधार के दिए निर्देश
तपोवन क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान डीएम ने डेक्कन वैली मार्ग पर नाले की ओर सुरक्षात्मक इंतजाम करने, बालक नाथ मार्ग पर नाली की मरम्मत कराने और बिजली के पोलों पर लटक रहे तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अनावश्यक पोल कियोस्क हटाने, नालियों को पूरी तरह कवर करने और पार्किंग क्षेत्र में बने राफ्टिंग कार्यालयों को हटाने के लिए भी ईओ तपोवन को निर्देशित किया गया।
मलबा हटाने और सड़क सुधार के निर्देश
खारास्रोत पार्किंग के पास ध्वस्त पुराने पुल के मलबे को हटाने और शिवपुरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़े मलबे को साफ कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
स्थानीय प्रतिक्रिया
निरीक्षण के दौरान एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल, एएसपी दीपक सिंह, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, एआरटीओ सतेंद्र राज, डीएसओ मनोज डोभाल, ईओ मुनि की रेती अंकिता जोशी, ईओ तपोवन अंजली रावत और थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




