
ऋषिकेश: आर्यनगर-भानियावाला मार्ग पर शुक्रवार की सुबह एक बाइक सवार युवक नहर में गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को निजी वाहन से जौलीग्रांट अस्पताल भिजवाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली अंतर्गत डोईवाला-आर्यनगर-भानियावाला मार्ग पर सुबह लगभग छह बजे यह हादसा हुआ। जौलीग्रांट चौकी प्रभारी नवीन डंगवाल ने बताया कि बाइक सवार युवक भानियावाला से डोईवाला की ओर जा रहा था। प्रथम दृष्टया ट्रैक्टर-ट्रॉली नजदीक से गुजरने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में गिर गई।
नहर में गिरने से बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। मृतक की पहचान आयुष (24), निवासी राजीवनगर, डोईवाला के रूप में हुई है। आयुष हिमालयन अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







