
देहरादून/पिथौरागढ़: शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला पिथौरागढ़ का भगोड़ा आरोपी जगदीश चंद पुनेठा आखिरकार पकड़ में आ गया है। आरोपी पिछले चार साल से UAE में छिपा हुआ था। इंटरपोल की मदद से उसे अबूधाबी से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है।
सीबीसीआईडी की टीम उसे शुक्रवार को उत्तराखंड लेकर पहुंची। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
कैसे आया पुलिस की पकड़ में?
पुलिस के अनुसार, पुनेठा के खिलाफ पिथौरागढ़ में 2021–22 में कई निवेशकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसने शेयर मार्केट में बड़े रिटर्न का लालच देकर लाखों-करोड़ों रुपये ले लिए और फिर फरार हो गया।
जांच आगे बढ़ी तो सीबीआई की मदद से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। महीनों की निगरानी, दस्तावेजों की जांच और UAE अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क के बाद उसे 13 नवंबर को हिरासत में ले लिया गया।
एएसपी मनोज ठाकुर की टीम उसे भारत लेकर पहुंची। एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने इसकी पुष्टि की है।
आरोप क्या-क्या हैं?
- शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा देने का वादा
- फर्जी UPI IDs के जरिए पैसे लेना
- रकम लेकर गायब हो जाना
- पिथौरागढ़ में अपनी फर्मों के जरिए लेन-देन दिखाना
- करोड़ों की संपत्ति बनाना
उसके खिलाफ पिथौरागढ़ थाने में 420, 406, 504, 506 समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए शुरू में 25 हजार और बाद में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
देश छोड़कर UAE भाग गया था
ठगी का मामला सामने आते ही पुनेठा भारत से भागकर UAE चला गया था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। सीबीआई, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और इंटरपोल की संयुक्त कोशिशों के बाद उसकी लोकेशन ट्रेस की जा सकी।
अब आगे क्या?
सीबीसीआईडी आरोपी से पूछताछ करेगी। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि कितने लोगों से ठगी हुई, पैसा कहां निवेश किया गया, कौन-कौन लोग उसके साथ जुड़ थे, उसकी संपत्तियों का क्या स्रोत था! अधिकारियों का कहना है कि जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।





