
सेलाकुई: राज्य कर विभाग की विशेष अन्वेषण शाखा (STF) ने सेलाकुई स्थित एक फूड सप्लीमेंट निर्माता कंपनी पर छापा मारकर बड़े पैमाने पर टैक्स अनियमितताओं का पर्दाफाश किया है। विभाग की प्रारंभिक जांच में करीब 5 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी सामने आई है। छापे के दौरान कंपनी ने मौके पर 1.75 करोड़ रुपये टैक्स भी जमा कर दिया।
छापेमारी शुक्रवार सुबह शुरू हुई
राज्य कर आयुक्त सोनिका के निर्देश के बाद आयुक्त पी.एस. डुंगरियाल और अपर आयुक्त (गढ़वाल) अजय कुमार की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शुक्रवार को कंपनी के कार्यालय और गोदाम पर एक साथ कार्रवाई की।
छापे के दौरान विभागीय टीम ने इलेक्ट्रॉनिक डेटा, ई-वे बिल, खरीद–बिक्री रिकॉर्ड, स्टॉक संबंधित दस्तावेज, को कब्जे में लिया।
रिकार्ड में भारी अंतर, ई-वे बिल भी संदिग्ध
प्रारंभिक जांच में टीम को कंपनी की खरीद और बिक्री के रिकॉर्ड में बड़ा अंतर मिला। साथ ही, कई ई-वे बिलों में दर्ज वाहन नंबर किसी भी टोल प्लाजा से गुजरते हुए नहीं पाए गए, जिससे बिल फर्जी होने की आशंका गहरी हो गई।
कंपनी ने गलती मानी, जमा किया 1.75 करोड़
जांच अधिकारी व राज्य कर विभाग के उपायुक्त सुरेश कुमार ने बताया— “कंपनी ने मौके पर ही गलती स्वीकार की और 1.75 करोड़ रुपये का टैक्स जमा करा दिया है। जब्त दस्तावेजों की गहन जांच जारी है।”
विभाग का कहना है कि आगे की जांच में वास्तविक टैक्स देयता और अधिक बढ़ सकती है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस पूरी कार्रवाई में टीआर चन्याल, अलीशा बिष्ट, असद अहमद, कंचन थापा और अनुराग पाठक शामिल रहे।





