
ऋषिकेश: तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्रों में बाल दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएँ और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन हुआ। प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर बच्चों और शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
वीरभद्र स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में भव्य आयोजन
आईडीपीएल क्षेत्र के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज वीरभद्र में बाल दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। मेयर शंभू पासवान, राज्यमंत्री गिरीश डोभाल, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, पार्षद हर्षवर्धन रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी और राजेश कोठियाल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मेयर शंभू पासवान ने कहा— “देश का भविष्य इन बच्चों में ही बसता है। शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षिक गतिविधियाँ बच्चों के व्यक्तित्व को निखारती हैं।”
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय के शिक्षकों ने बाल दिवस पर बच्चों को स्वयं हाथ से बनाया भोजन—पूरी, सब्जी और झंगोरे की खीर—खिलाकर सामूहिक भोज कराया। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
गंगोत्री विद्या निकेतन, सुमन विहार में रंगारंग कार्यक्रम
गंगोत्री विद्या निकेतन में बाल दिवस पर छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। चित्रकला, निबंध और खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय संचालक बंशीधर पोखरियाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। उन्होंने चाचा नेहरू की बाल-सुलभ सोच और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को बच्चों के साथ साझा किया।
हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में बाल उत्सव
यहाँ छात्राओं ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया।
प्रधानाचार्य पूनम शर्मा ने कहा— “बाल दिवस हमें याद दिलाता है कि बच्चों का अधिकार, उनकी शिक्षा और उनके सपने हमारी प्राथमिकता हैं।”
कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि नेहरू जी ने आधुनिक भारत की नींव रखी। वरिष्ठ नेता अरविंद जैन ने वैज्ञानिक और तकनीकी संस्थानों की स्थापना में उनके योगदान को याद किया।
गुरुनानक पब्लिक हाई स्कूल में बच्चों को यौन उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की जानकारी
विद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
तहसील विधिक सेवा समिति के सचिव अभिषेक कुमार मिश्र ने बच्चों को — शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, खेल, बाल यौन उत्पीड़न से संबंधित कानून की जानकारी दी। लगा लगभग 250 बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
प्राथमिक विद्यालय प्रतीतनगर, रायवाला में लेखन और कला प्रतियोगिता
यहाँ सुलेख और कला प्रतियोगिता का आयोजन लोक कल्याण समिति की ओर से किया गया।
परिणाम:
- सुलेख: राधिका कुमारी प्रथम, दीपिका द्वितीय, सृष्टि तृतीय
- कला: कृति प्रथम, दीपिका द्वितीय, राधिका तृतीय
ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
डोईवाला: शिक्षकों और छात्रों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच
पब्लिक इंटर कॉलेज, डोईवाला में बाल दिवस पर खेल प्रतियोगिताएँ हुईं।
- वॉलीबॉल: कक्षा 9 विजेता
- बैडमिंटन: सूर्या, सुहाना
- दौड़: आदर्श, अजय, करण, हृदयांश, शुभ, प्रिंस
- नींबू दौड़: लक्ष्मी
- छात्राओं का क्रिकेट मैच: कक्षा 12 विजेता
शिक्षकों और कर्मचारियों की टीम ने मैत्री क्रिकेट मैच 6 रन से जीता। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
बबल्स प्ले स्कूल, डोईवाला में नन्हें-मुन्नों की प्रस्तुति
यहाँ छोटे बच्चों ने रंगारंग नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका दिल जीत लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।







