
देहरादून: रीठा मंडी क्षेत्र में मंगलवार रात दो परिवारों के बीच हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान आरोपियों ने एक महिला पर हमला कर उसका हाथ तोड़ दिया, जबकि उसके परिजनों को भी चोटें आईं। शहर कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना का विवरण
शिकायतकर्ता बादल राजभर, निवासी रीठा मंडी ने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता और भाई के साथ किराए के मकान में रहते हैं। 9 नवंबर की रात पड़ोसी बालचंद, मीना, निशांत और अमित सक्सेना से कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो आरोपियों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया।
इस दौरान उनकी माता कमली देवी का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि पिता गुलाब राजभर और छोटे भाई अमित राजभर के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की कार्रवाई
शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि — “पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
घटना की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस ने बताया कि झगड़े का कारण आपसी विवाद प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






