
देहरादून (डोईवाला): उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्षों में डोईवाला ने विकास की ऐसी उड़ान भरी है, जो बैलगाड़ी के दौर से हवाई जहाज तक पहुंच गई है। शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में डोईवाला आज प्रदेश की अग्रणी विधानसभाओं में शामिल है। राज्य गठन से पहले जहां गांवों में बैलगाड़ियां और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का बोलबाला था, वहीं अब डोईवाला हवाई सेवाओं, औद्योगिक इकाइयों और आधुनिक संस्थानों के लिए पहचाना जाता है।
हवाई यात्रा का नया केंद्र बना जौलीग्रांट एयरपोर्ट
राज्य गठन के बाद डोईवाला क्षेत्र में जौलीग्रांट हवाई पट्टी का विस्तार कर आधुनिक एयरपोर्ट तैयार किया गया। वर्तमान में यहां से करीब एक दर्जन शहरों के लिए 30 से अधिक उड़ानें संचालित की जा रही हैं। अब इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य चल रहा है।
यात्रा सीजन में जौलीग्रांट से बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं भी संचालित होती हैं, जिससे डोईवाला धार्मिक पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है।
आपदा प्रबंधन और सुरक्षा की दिशा में कदम
2013 की केदारनाथ आपदा के बाद जौलीग्रांट में एसडीआरएफ बटालियन की स्थापना की गई। इसी वर्ष बुल्लावाला में बीएसएफ एडवांस ट्रेनिंग सेंटर भी शुरू हुआ, जिससे क्षेत्र को रणनीतिक और सुरक्षा दृष्टि से नई पहचान मिली।
शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार का केंद्र बना डोईवाला
राज्य गठन के बाद डोईवाला में भानियावाला डिग्री कॉलेज (2001), सीपेट संस्थान, और हर्रावाला में कैंसर अस्पताल की स्थापना ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा दी।
रोजगार के क्षेत्र में लालतप्पड़ इंडस्ट्रियल एरिया में दर्जनों फैक्ट्रियों की स्थापना हुई, जहां हजारों युवाओं को काम मिला।
2017 में डोईवाला नगर पालिका का गठन हुआ, जिसमें 20 वार्ड शामिल किए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची सड़कें और पेयजल सुविधाएं
पिछले 25 वर्षों में डोईवाला के ग्रामीण इलाकों तक पहली बार सड़कें और नलकूप सुविधाएं पहुंचीं। हर गांव में पेयजल और सिंचाई के लिए दर्जनों नलकूप लगाए गए। वहीं रानीपोखरी और थानो न्याय पंचायत के गांवों को अब रानीपोखरी थाने से जोड़ा गया है, जिससे पुलिस व्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है।
नए विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार
क्षेत्र में अब हर्रावाला में होम्योपैथिक कॉलेज, माजरीग्रांट में पशु चिकित्सालय, अठूरवाला में घंटाघर और म्यूजियम, तथा रानीपोखरी में लॉ यूनिवर्सिटी खोलने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा —
“राज्य गठन के बाद डोईवाला में शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के क्षेत्र में सबसे अधिक काम हुआ है। किसानों की स्थिति सुधारने के लिए सिंचाई व्यवस्था, बीज, खाद और गन्ना भुगतान पर विशेष ध्यान दिया गया है। आने वाले समय में होम्योपैथिक कॉलेज, लॉ यूनिवर्सिटी और पशु चिकित्सालय खोलने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है।”






