
ऋषिकेश: नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक गुरुवार को हंगामेदार रही। बैठक के दौरान कई सभासदों ने कार्यपालक अधिकारी (ईओ) पर विकास कार्यों में बाधा डालने और मनमानी करने के आरोप लगाए।
बैठक में सभासद बृजेश गिरी ने विरोध दर्ज करते हुए एजेंडे की कॉपियां फाड़ दीं और ईओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि क्षेत्र में स्वीकृत कई विकास योजनाओं को जानबूझकर रोका जा रहा है, जिससे स्थानीय जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बैठक में अन्य सभासदों ने भी ईओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की। नगर पालिका अध्यक्ष ने भी अधिकारियों के रवैये पर असंतोष व्यक्त करते हुए ईओ के स्थानांतरण की मांग शासन से करने की बात कही।
इसी बैठक में खारास्रोत क्षेत्र स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके को बंद करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सभी सभासदों ने सर्वसम्मति से ठेका बंद करने का प्रस्ताव पारित किया। सभासदों का कहना था कि यह क्षेत्र धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील है, इसलिए यहां शराब बिक्री स्वीकार्य नहीं है।
बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, बजट प्रावधानों और सफाई व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। सभासदों ने कहा कि नगर पालिका को पारदर्शिता और जनहित के साथ कार्य करना चाहिए ताकि स्थानीय जनता का भरोसा कायम रह सके।






