
ऋषिकेश में थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भागीरथी धाम के पास गंगा तट पर गुरुवार शाम एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान एक 13 वर्षीय किशोर तेज धारा में बह गया, जिसकी तलाश में देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना लक्ष्मणझूला पुलिस और एसडीआरएफ (ढालवाला यूनिट) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
थाना प्रभारी संतोष पैथवाल ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक निवासी आदित्य रतूड़ी (13 वर्ष) पुत्र दिनेश प्रसाद रतूड़ी, अपने दोस्तों के साथ गंगा में नहाने गया था। नहाते समय उसने नदी की गहराई और तेज धाराओं का गलत अनुमान लगा लिया और देखते ही देखते पानी में बह गया।
एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने गहराई में जाकर कई बार सर्च ऑपरेशन किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताई और कहा कि इस स्थान पर सुरक्षा चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था की सख्त जरूरत है, क्योंकि हर साल ऐसे हादसे लगातार सामने आते हैं।







