
देहरादून: आईएसबीटी चौकी के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 76 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ रोडवेज की बस ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्वराज सिंह चौहान, निवासी ग्राम सवाई (कालसी), ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि बस चालक को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है।
रोड डिजाइन और ट्रैफिक प्रबंधन पर उठे सवाल
इस दुर्घटना ने एक बार फिर आईएसबीटी तिराहे की सड़क संरचना और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह क्षेत्र देहरादून के सबसे व्यस्त ट्रैफिक जोन में गिना जाता है, जहां रोजाना अंतरराज्यीय बसें और लोकल वाहन भारी संख्या में गुजरते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तिराहे पर बसों के रुकने, यात्रियों के चढ़ने-उतरने और तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर अफरा-तफरी मच जाती है। यातायात नियमों की अनदेखी यहां आम बात हो गई है। कई वाहन चालक बिना ध्यान दिए तेज रफ्तार में निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे सड़क पार करने वाले पैदल यात्री अकसर हादसों का शिकार हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक लाइट सिस्टम, स्पीड ब्रेकर और पैदल पार पथ (ज़ेब्रा क्रॉसिंग) जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें।





