
ऋषिकेश। मुनिकीरेती क्षेत्र के खारा स्रोत में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अपने पड़ोसी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना अंग्रेजी शराब के ठेके के पास करीब रात 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
वारदात के बाद तनाव, सुबह लोगों ने लगाया जाम
शनिवार सुबह घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने बदरीनाथ राजमार्ग स्थित खारा स्रोत पर जाम लगा दिया। लोग बड़ी संख्या में अंग्रेजी शराब के ठेके के बाहर इकट्ठा हो गए और ठेका बंद करने की मांग करने लगे। नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने ठेके के आसपास चल रहे ठेली-खोखे हटाने के निर्देश दिए।
हालांकि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद परिजन और स्थानीय लोग काफी देर तक मौके पर डटे रहे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे।
विवाद के बाद 10–15 वार से मौत
जानकारी के अनुसार, शीशम झड़ी निवासी अक्षय ठाकुर और डॉगी पट्टी मटियाल गांव निवासी राजेंद्र कंडारी के बीच देर रात अंग्रेजी शराब के ठेके के बाहर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अक्षय ठाकुर ने धारदार हथियार से राजेंद्र कंडारी पर 10 से 15 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना थाना मुनिकीरेती पुलिस को दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच जारी
थाना मुनिकीरेती अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के शव का एम्स ऋषिकेश में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि कानूनी कार्रवाई के तहत आरोपी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की पूरी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में शराब ठेके को लेकर बढ़ा विरोध
स्थानीय नागरिकों ने खारा स्रोत क्षेत्र में स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके को बंद करने की मांग दोहराई है। लोगों का कहना है कि ठेके के आसपास आए दिन झगड़े और नशे से जुड़ी घटनाएं होती हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है। नगरपालिका प्रशासन ने कहा है कि ठेके के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।







