
ऊखीमठ: बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली आज अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुँच गई। स्थानीय वाद्य यंत्रों और आर्मी बैंड की मधुर धुनों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ डोली का भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित समाज और स्थानीय भक्त उपस्थित रहे। डोली ने यात्रा के दौरान फाटा, ब्यूंग, नारायणकोटी सहित अन्य पड़ावों पर भक्तों को आशीर्वाद दिया। भक्तों ने हर स्थान पर डोली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
ओंकारेश्वर मंदिर पहुँचने के बाद बाबा केदार की भोग मूर्ति यहीं विराजमान हो जाएगी और आगामी छह माह तक यहाँ पूजा-अर्चना की जाएगी।

डोली के स्वागत के दौरान आर्मी बैंड की मधुर धुनों ने माहौल को और भी गरिमा और भक्ति से भर दिया। इससे पूर्व डोली अपने द्वितीय रात्रि प्रवास के लिए गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुँची थी, जहाँ उसका भी भव्य स्वागत किया गया।
केदारघाटी इन दिनों बाबा केदार के जयकारों से गूंज रही है और श्रद्धालु उत्सव में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में उपस्थित हैं।







