
हरिद्वार (लक्सर)। हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज धमाके जैसी आवाज निकालने की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस पर युवक के परिजनों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फट गई और उन्हें चोटें भी आईं।
शिकायत पर पहुंचे पुलिसकर्मी परिजनों के निशाने पर
जानकारी के मुताबिक, मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी प्रदीप ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि गांव के ही भास्कर नामक युवक ने अपनी बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया है और घर के बाहर पटाखे जैसी आवाजें निकाल रहा है। मना करने पर भी भास्कर नहीं रुका।
शिकायत मिलने पर हेड कांस्टेबल मनोज मिनान और कांस्टेबल रविंद्र नागर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिकायतकर्ता से जानकारी लेकर भास्कर के घर जाकर उसके पिता धूम सिंह को समझाया कि बेटे को ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दें।
परिवार ने किया हमला, पुलिसकर्मियों की फटी वर्दी
पुलिस टीम वहां से लौट रही थी तभी रास्ते में धूम सिंह, उनकी पत्नी, भाई और भाभी ने पुलिसकर्मियों को रोक लिया। बताया गया कि सभी ने मिलकर पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
हाथापाई के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों की वर्दी फट गई और उनके चेहरे पर चोटें आईं। घायल पुलिसकर्मियों ने किसी तरह कोतवाली को सूचना दी। सूचना पर उपनिरीक्षक दीपक चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
चार लोगों पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों का चिकित्सीय परीक्षण करवाया और हेड कांस्टेबल मनोज मिनान की तहरीर पर चारों आरोपियों (दो महिलाएं सहित) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मॉडिफाइड साइलेंसर से परेशान जनता
गौरतलब है कि पुलिस पहले भी मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले युवाओं पर कार्रवाई कर चुकी है। बावजूद इसके, कई युवक अब भी तेज आवाज और खतरनाक स्टंट से लोगों को परेशान कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।







