
ऋषिकेश: शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नगर निगम को इस सप्ताह 26 नए कूड़ा वाहन मिलेंगे। इन नए वाहनों की मदद से घर-घर जाकर कूड़ा इकट्ठा करने का काम अधिक व्यवस्थित होगा और नागरिकों को बेहतर एवं नियमित सफाई सेवा मिल सकेगी।
नगर निगम को पिछले साल मार्च में ओएनजीसी के सीएसआर फंड से 20 नए कूड़ा वाहन मिले थे। इसके बावजूद, लगभग 15 वाहन पुराने हो चुके थे और पुरानी एजेंसी द्वारा रखरखाव न होने के कारण कई वाहन कबाड़ में बदल गए थे। नगर निगम ने इन कबाड़ वाहनों के एवज में पुराने एजेंसी के बकाया बिल से 15 लाख रुपये की राशि काटी थी।
करीब चार महीने पहले नगर निगम ने शहरी विकास निदेशालय को 26 नए कूड़ा वाहन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजा था। इन वाहनों के आने के बाद नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में तेजी आएगी और सफाई की गुणवत्ता में सुधार होगा।
“नगर निगम को इस सप्ताह 26 नए कूड़ा वाहन मिल जाएंगे। कूड़ा वाहन मिलने के बाद वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के काम में आसानी हो जाएगी।” — गोपाल राम बिनवाल, नगर आयुक्त, ऋषिकेश






