
ऋषिकेश: आवास विकास कॉलोनी के लोग पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। पिछले कई दिनों से पेयजल लाइन में लो प्रेशर आने के कारण पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। मुख्य मार्ग से लेकर गली नंबर 8, 9, 15 और 17 तक के घरों में पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि अशोक पासवान ने बताया कि कई बार जलापूर्ति की समस्या की शिकायत जेई और एसडीओ से की गई, लेकिन हर बार शिकायत टाल दी गई। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में वर्षों पुरानी प्लास्टिक की पेयजल लाइनें जर्जर हो चुकी हैं। थोड़े से दबाव में ये लाइनें फट जाती हैं और सीवर का पानी मिलकर घरों तक पहुंचने लगता है।
लो प्रेशर की वजह से सुबह काम पर जाने वाले लोग और छोटे बच्चे सबसे अधिक परेशान हो रहे हैं। टंकी तक पानी नहीं पहुँच पाने के कारण लोग मुश्किल में हैं। कई घरों में लगी पानी की मोटरें भी समस्या का समाधान नहीं कर पा रही हैं।
अपर सहायक अभियंता प्रदीप नैनवाल ने बताया कि अभी तक इस तरह की कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत मिली तो मौके पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।







