
देहरादून: सहस्त्रधारा रोड स्थित एटीएस कॉलोनी में दीपावली की रात पटाखे चलाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने पिस्टल निकाल ली। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। बताया जा रहा है कि विवाद में आईपीएस, आईएएस और वरिष्ठ अधिकारी रहने वाली इस कॉलोनी में अफरातफरी का माहौल बन गया था।
पटाखों को लेकर बढ़ा विवाद
सूत्रों के अनुसार, दीपावली की रात दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर तनातनी थी। पटाखे चलाने को लेकर बातचीत गाली-गलौज में बदल गई, जिसके बाद दोनों ओर से तनाव बढ़ गया। इस दौरान पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी विवाद में शामिल हो गए।
कॉलोनी के अन्य निवासियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। बाद में दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
एक-दूसरे पर लगाए आरोप
व्यापारी पुनीत अग्रवाल ने आरोप लगाया कि अजय सिंह और उनके पुत्र उनके घर के बाहर पटाखे चला रहे थे। जब उन्हें मना किया गया, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और डराने के लिए पिस्टल निकाल ली।
वहीं, दूसरी ओर से अजय सिंह पक्ष ने भी पुनीत अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अग्रवाल परिवार की ओर से पहले बच्चों से गाली-गलौज की गई, जिसके बाद माहौल बिगड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुनीत अग्रवाल खुद धमकाने के लिए पिस्टल दिखाने लगा।
पुलिस को दी गई शिकायत
मामले की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस को शिकायत सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बयान दर्ज किए जा रहे हैं, और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एटीएस कॉलोनी में इस तरह के विवाद से वरिष्ठ अधिकारियों और निवासियों में नाराजगी देखने को मिली है।







