
देहरादून: देहरादून से हवाई यात्रा करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दून एयरपोर्ट से पहली बार नियमित रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे यात्रियों को अब देर शाम और रात में भी यात्रा का विकल्प मिलेगा।
1 अप्रैल से शुरू होगी नाइट फ्लाइट
Air India Express एक अप्रैल से अपने समर शेड्यूल के तहत देहरादून और बेंगलुरु के बीच नाइट फ्लाइट शुरू कर रही है।
यह पहली बार होगा जब दून एयरपोर्ट से तय शेड्यूल के अनुसार नियमित रात की उड़ान संचालित होगी।
क्या रहेगा फ्लाइट टाइमिंग
बेंगलुरु से फ्लाइट शाम 5:25 बजे उड़ान भरेगी और करीब 3 घंटे 5 मिनट की यात्रा के बाद रात 8:30 बजे देहरादून पहुंचेगी।
वहीं, देहरादून से यह फ्लाइट रात 9:00 बजे उड़ान भरकर रात 12:05 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
किराया और शेड्यूल
इस फ्लाइट का एक तरफ का किराया करीब 9198 रुपये रखा गया है।
फिलहाल यह सेवा 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे नियमित किया जा सकता है।
पर्यटन सीजन में और बढ़ेंगी उड़ानें
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए अन्य एयरलाइंस भी रात की उड़ानें शुरू कर सकती हैं, जिससे यात्रियों को और विकल्प मिलेंगे।
पहले से थी नाइट लैंडिंग की अनुमति
एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी के अनुसार, दून एयरपोर्ट को साल 2012 में नाइट लैंडिंग की अनुमति मिल चुकी थी।
अब तक रात में सेना और चार्टर्ड विमान उड़ान भरते थे, लेकिन पहली बार कोई एयरलाइन नियमित नाइट फ्लाइट शुरू कर रही है।
स्थानीय प्रतिक्रिया
यात्रियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का मानना है कि इस फैसले से पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और देहरादून की कनेक्टिविटी पहले से बेहतर होगी।






