
देहरादून: नवरात्र के पहले ही दिन उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जबकि चारधाम समेत ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फबारी की सूचना है। मैदानी इलाकों में भी बादल छाए रहने से मौसम ठंडा हो गया है।
कई शहरों में बारिश, ठंड फिर बढ़ी
मसूरी, हल्द्वानी, नैनीताल, बागेश्वर और कोटद्वार में बारिश दर्ज की गई है। खासतौर पर बागेश्वर जिले में सुबह से हो रही बूंदाबांदी के कारण ठंड में इजाफा हो गया है। लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और कई जगह अलाव का सहारा लिया जा रहा है।
पहाड़ों में हिमपात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। हिमालयी इलाकों में मौसम और अधिक सर्द हो सकता है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के संकेत हैं।
प्रदेशभर में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली, अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने के आसार हैं।
जनजीवन पर असर
मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है। लोग जरूरत के काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बारिश के चलते गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।






