
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल और धूप का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी इलाकों में धूप खिलने से दिन में हल्की गर्माहट बनी हुई है।
पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
इसके साथ ही 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
अंधड़ और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने इन पांच पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
मैदानों में धूप, सुबह-शाम ठंड बरकरार
राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी जारी रही। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर अभी भी बना हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पूरे प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर बढ़ने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
देहरादून में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ऊधम सिंह नगर में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 12.8 डिग्री रहा।
मुक्तेश्वर में अधिकतम 17.0 और न्यूनतम 6.2 डिग्री दर्ज किया गया।
नई टिहरी में अधिकतम 17.4 और न्यूनतम 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।





