
मसूरी/देहरादून: मसूरी घूमने आए हरियाणा के एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं दोस्तों और परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोस्तों के साथ आया था घूमने
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के हिसार जिले के देव नगर गंगवा निवासी 35 वर्षीय पवन कुमार अपने दोस्तों मनीत और रविकांत के साथ मसूरी घूमने आया था। बताया गया कि होटल के पास वाहन खड़ा करते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
अचानक खून की उल्टी, अस्पताल में मौत
घटना के दौरान पवन कुमार को अचानक खून की उल्टी होने लगी, जिससे उसके दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत उसे देहरादून के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा
प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि थाना राजपुर से डेथ मेमो मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की गई है। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
पर्यटन के बीच दर्दनाक घटना
घूमने आए युवक की इस तरह अचानक मौत ने सभी को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






