
देहरादून: चारधाम यात्रा 2026 से ठीक पहले बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) विजय प्रसाद थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। अब उन्हें उनके मूल विभाग कृषि उत्पादन मंडी समिति में वापस भेज दिया गया है।
पर्यटन विभाग ने जारी किया आदेश
शासन स्तर पर पर्यटन विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। विजय प्रसाद थपलियाल को 29 जुलाई 2024 को प्रतिनियुक्ति पर बीकेटीसी में सीईओ नियुक्त किया गया था, लेकिन अब चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही उनकी प्रतिनियुक्ति निरस्त कर दी गई है।
हालिया विवादों के बीच कार्रवाई
बीकेटीसी पिछले कुछ समय से विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रही है। हाल ही में “रूप छड़ी” को उत्तराखंड से बाहर महाराष्ट्र के नांदेड़ भेजे जाने के मामले ने तूल पकड़ा था, जिस पर तीर्थपुरोहितों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इस पूरे प्रकरण की जांच शासन और मंदिर समिति स्तर पर जारी है।
अन्य मामलों ने भी बढ़ाई चर्चा
सूत्रों के अनुसार, हेली कंपनियों पर करीब तीन करोड़ रुपये की बकाया राशि की वसूली में कार्रवाई न होना और जनरेटर की खरीद में अनियमितताओं के आरोप भी सामने आए थे। इन मुद्दों के चलते बीकेटीसी लगातार सुर्खियों में बनी हुई थी।
यात्रा से पहले प्रशासनिक कसावट
चारधाम यात्रा से पहले इस तरह का प्रशासनिक बदलाव व्यवस्था को दुरुस्त करने और जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।







