
देहरादून: चारधाम यात्रा 2026 को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अहम निर्णय लिया है। इस वर्ष बीकेटीसी के अधीन आने वाले मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही मंदिर परिसर और गर्भगृह में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी रोक लगाने की तैयारी की जा रही है।
प्रेसवार्ता में किया गया ऐलान
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह निर्णय मंदिरों की पौराणिक परंपराओं और धार्मिक मर्यादा को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति सनातन धर्म में आस्था रखता है, उसे सनातनी माना जाएगा।
सारा खान के सवाल पर क्या कहा?
अभिनेत्री सारा खान के केदारनाथ धाम में दर्शन के सवाल पर अध्यक्ष ने कहा कि यदि वह सनातन धर्म में विश्वास रखती हैं, तो उन्हें शपथ पत्र देना होगा। इसके बाद ही दर्शन की अनुमति दी जा सकती है।
मोबाइल पर भी सख्ती, SOP तैयार
बीकेटीसी की ओर से मंदिर परिसर और गर्भगृह में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जल्द ही विस्तृत एसओपी जारी होगी।
बताया गया कि पहले भी हुई बैठक में इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया था, जिनमें फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी रोक शामिल है।
सरकार भी कर रही विचार
इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के निर्णय का अध्ययन किया जाएगा और कानून, एक्ट व परंपराओं के आधार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।






