
देहरादून: देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उपभोक्ता से बिजली कनेक्शन दिलाने और लोड बढ़ाने के नाम पर 80 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार उससे अवैध धनराशि मांग रहा है।
शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया।
रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी
ट्रैप के दौरान टीम ने आरोपी जेई अतुल कुमार को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल तो नहीं है।
विभाग में मचा हड़कंप, जनता से अपील
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। सतर्कता टीम ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।






