
देहरादून: उत्तराखंड में ऊर्जा विभाग से जुड़ा एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सामने आया है। धामी सरकार ने मंगलवार देर शाम यूपीसीएल और यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशकों समेत कई अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया। ये सभी अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर कार्यरत थे।
सेवा विस्तार पर चल रहे अफसरों को हटाया गया
प्रमुख सचिव ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार को सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था। अब उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।
इसी तरह यूजेवीएनएल के एमडी संदीप सिंघल, जिन्हें 30 जून 2024 से सेवा विस्तार मिला था, उन्हें भी कार्यमुक्त कर दिया गया है।
नए एमडी की हुई तैनाती
सरकार ने इस बड़े बदलाव के साथ नई जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। यूपीसीएल के नए एमडी के रूप में गजेंद्र सिंह बुदियाल को नियुक्त किया गया है, जो पहले यूजेवीएनएल में महाप्रबंधक (यमुना वैली, डाकपत्थर) और पिटकुल में प्रभारी निदेशक (परिचालन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
वहीं यूजेवीएनएल के नए एमडी के रूप में अजय कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो भागीरथी वैली में महाप्रबंधक और निदेशक (परिचालन) का कार्य देख रहे थे।
अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई
शासन ने यूपीसीएल के निदेशक (परियोजना) अजय कुमार अग्रवाल को भी कार्यमुक्त कर दिया है। फिलहाल इस पद पर किसी नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।
ऊर्जा विभाग में बड़े बदलाव के संकेत
इस फैसले को ऊर्जा विभाग में बड़े स्तर पर सुधार और नई कार्यशैली लागू करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। अचानक लिए गए इस निर्णय ने प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बढ़ा दी है।







