
ऋषिकेश: ऋषिकेश के लक्कड़घाट क्षेत्र में एलपीजी संकट के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस कारोबार का खुलासा किया है। पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बंद दुकान से 135 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर टूटा ताला, खुला पूरा नेटवर्क
कार्रवाई की शुरुआत एक मुखबिर की सटीक सूचना से हुई, जिसमें बताया गया कि एक दुकान में भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जमा किए गए हैं। सूचना मिलते ही पूर्ति विभाग ने प्रशासन और पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाई।
दोपहर करीब 2:30 बजे नायब तहसीलदार जाहिद हुसैन के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और दुकान का ताला तोड़ा। अंदर का दृश्य चौंकाने वाला था—पूरी दुकान कमर्शियल गैस सिलेंडरों से भरी हुई थी।
गैस एजेंसी को सौंपे गए सिलेंडर
जांच के दौरान 135 खाली कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए। इसके बाद पूर्ति विभाग ने सभी सिलेंडरों को आशुतोष गैस एजेंसी के प्रबंधक को सुपुर्द कर दिया।
पहले भी पकड़ा जा चुका है रिफिलिंग का खेल
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में इसी क्षेत्र में दो बार अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार पकड़ा जा चुका है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
दुकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज
पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दुकान धर्मेंद्र सिंह निवासी नजफगढ़ (नई दिल्ली) की है। मामले में दुकान मालिक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और आगे की जांच जारी है।






