
देहरादून: देहरादून के लच्छीवाला टोल प्लाजा पर मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया जब दो लग्जरी वाहनों में पहुंचे लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ अभद्रता, मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
महिलाकर्मी से अभद्रता के बाद बढ़ा विवाद
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक मनीष नेगी की शिकायत के अनुसार, दोपहर के समय करीब 10–12 लोग दो लग्जरी वाहनों में सवार होकर पहुंचे और लाइन नंबर-2 पर तैनात एक महिलाकर्मी से गालीगलौज करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख जब प्रबंधक प्रभाकर सिंह मौके पर पहुंचे और समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर ही हमला कर दिया।
वीडियो बनाने पर भड़के आरोपी
बताया गया कि जब प्रभाकर सिंह ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी और आक्रामक हो गए। उन्होंने न केवल मारपीट की बल्कि कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और वीडियो जबरन डिलीट कर दिए।
बेल्ट से हमला, टोल पर जाम जैसी स्थिति
टोल शुल्क कटने के बाद भी जब वाहनों को आगे बढ़ाने के लिए कहा गया, तो आरोपियों ने अपने वाहन बीच में खड़े कर दिए। इसके बाद 15–20 लोगों का समूह बनाकर टोल कर्मचारियों पर बेल्ट आदि से हमला किया गया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने दर्ज की FIR, गिरफ्तारी के प्रयास
पुलिस ने टोल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर कुनाल सहगल के खिलाफ नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।






