
देहरादून: देहरादून के पटेलनगर स्थित कबाड़ी बाजार में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा कबाड़ी गोदाम जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
15 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
फायर ब्रिगेड के जवानों ने करीब 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पांच फायर टेंडरों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने के लिए लगभग डेढ़ लाख लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया।
इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा कबाड़ और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
हाईटेंशन लाइन के कारण बढ़ी मुश्किल
घटनास्थल के पास एक हाईटेंशन लाइन टूटी हुई थी, जिससे लगातार स्पार्किंग हो रही थी। फायरकर्मियों ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई और उसके बाद लाइन को हटवाया। इसके बाद आग को चारों ओर से घेरकर बुझाने का काम शुरू किया गया।
गोदाम में प्लास्टिक और रबर का कचरा अधिक मात्रा में होने के कारण घना धुआं उठता रहा, जिससे फायर सर्विस की टीम को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
बारिश और तेज हवाओं में भी जारी रहा अभियान
बारिश और तेज हवाओं के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार आग बुझाने का प्रयास जारी रखा और आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
पुलिस भी मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की टीम को सहयोग दिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।







