
ऋषिकेश: गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से मुनि की रेती स्थित जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में योग साधक और योगाचार्य शामिल हुए।
महोत्सव में करीब 2500 योग जिज्ञासुओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें लगभग 220 विदेशी प्रतिभागी शामिल हैं। इसके अलावा करीब 150 योग संस्थानों और केंद्रों से जुड़े साधक भी इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में 80 योगाचार्यों के मार्गदर्शन में करीब 250 योग, आध्यात्मिक और ध्यान से जुड़े सत्र आयोजित किए जाएंगे।
योग अब जीवन शैली बन चुका है: सीएम धामी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग अब केवल शारीरिक व्यायाम नहीं रहा, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवन शैली बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है और इसके माध्यम से शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि योग को केवल अभ्यास तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने बताया कि आज दुनिया के करीब 180 से अधिक देशों में लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।
पांच नए योग हब बनाने की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार के लिए सरकार पांच नए योग हब स्थापित करने की योजना बना रही है। साथ ही आयुष वेलनेस सेंटरों के माध्यम से भी योग को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री सुबोध उनियाल, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, साध्वी भगवती सरस्वती, महामंडलेश्वर रविंद्र पुरी और योगी भारत भूषण भी मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा आयोजन
महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें गढ़वाली लोकनृत्य, राजस्थान का कालबेलिया नृत्य, पंजाब का भांगड़ा, नाद योग सेंटर ऋषिकेश की ओर से नाद योग प्रस्तुति और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।
चारधाम यात्रा के लिए लाखों श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि 6 मार्च से अब तक चारधाम यात्रा के लिए करीब 5 लाख 86 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करा लिया है। इनमें यमुनोत्री के लिए 1,07,751, गंगोत्री के लिए 1,10,122, केदारनाथ के लिए 1,95,847 और बदरीनाथ के लिए 1,72,669 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।
बजरंग सेतु और वन भूमि प्रकरण पर टाला जवाब
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री से मीडिया ने लक्ष्मणझूला क्षेत्र में बने बजरंग सेतु के उद्घाटन को लेकर सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही पुल का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं बापूग्राम, शिवाजीनगर और मीरानगर क्षेत्रों को राजस्व ग्राम बनाने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी।







